खरगोन। भादौ मास की अष्टमी यानी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर समूचे अंचल में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में शहर सराबोर नजर आया। इसी क्रम में अहीर यादव समाजजनों द्वारा झांकियों के कारवां के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान शहर की सड़कों पर श्रद्धा और उत्साह का नजारा देखने को मिला।
सुबह करीब 11 बजे अहीर यादव समाजजनों ने कुंदा तट स्थित श्री सिद्धी विनायक मंदिर परिसर से शोभायात्रा का शुभारंभ किया। पालकी में लड्डू गोपाल की प्रतिमा को विराजित कर नगर भ्रमण कराया गया। अश्व सवार युवाओं ने शोभायात्रा की अगुवाई की। यात्रा का शहर में जगह-जगह सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वागत किया गया।
भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन की ओर से नगर पालिका कार्यालय के सामने स्वागत मंच बनाया गया था। यहां शोभायात्रा में शामिल समाजजनों पर गुलाब और गेंदे के फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कसरावद विधायक सचिन यादव भी स्वागत मंच पर पहुंचे और शोभायात्रा में शामिल समाजजनों का अभिवादन स्वीकार किया।
शोभायात्रा में यादव समाजजनों का उत्साह देखते ही बन रहा था। चल समारोह में राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बालक-बालिकाएं सुसज्जित बग्घी में सवार होकर आकर्षण का केंद्र बने रहे। शोभायात्रा सराफा बाजार, एमजी रोड, टीआईटी कॉम्प्लेक्स, बस स्टैंड होते हुए बिस्टान रोड स्थित अनाज मंडी पहुंची।
अनाज मंडी में महाआरती के बाद सभा का आयोजन किया गया। सभा में वक्ताओं ने सामाजिक एकता को मजबूत करने और समाज में आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इसके बाद आयोजित भंडारे में समाजजनों ने प्रसादी ग्रहण की।
शोभायात्रा के मार्ग में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वागत स्टॉल लगाए। यहां शोभायात्रा में शामिल लोगों का पुष्पवर्षा, जलपान और स्वल्पाहार के साथ स्वागत किया गया। पूरे आयोजन के दौरान शहर में श्रीकृष्ण भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।