नीमच। राष्ट्रीय गौ रक्षक दल मध्यप्रदेश एवं गो पुत्र सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सात माता मंदिर परिसर में गोवंश संरक्षण को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें जिलेभर से आए गौ सेवकों ने सड़कों पर घूम रहे गोवंश, गौशालाओं की व्यवस्थाओं और गोचर भूमि पर अतिक्रमण सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी तथा गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग उठाई गई। साथ ही शासन-प्रशासन, गौशाला संचालकों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से निगरानी समिति गठित करने का सुझाव दिया गया।
गौ सेवकों ने तय किया कि समस्याओं के समाधान के लिए पहले संबंधित अधिकारियों को आवेदन दिए जाएंगे। 15 से 20 दिनों में सुधार नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई।