नीमच। विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला चिकित्सालय नीमच में निःशुल्क फिजियोथेरेपी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तहत संचालित फिजियोथेरेपी यूनिट में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. हुसैन बैगूवाला ने बताया कि फिजियोथेरेपी यूनिट का उद्देश्य केवल वृद्धजनों ही नहीं, बल्कि बच्चों एवं युवाओं को भी विभिन्न शारीरिक समस्याओं से राहत पहुंचाना है। यूनिट में घुटने एवं कमर दर्द, साइटिका, एड़ी दर्द, सर्वाइकल, स्ट्रोक एवं लकवे सहित कई प्रकार की समस्याओं से पीड़ित मरीजों का नियमित रूप से निःशुल्क उपचार किया जाता है।
हृदयाघात एवं मस्तिष्क आघात पर जोर-
इस वर्ष विश्व फिजियोथेरेपी दिवस की थीम हृदयाघात एवं मस्तिष्क आघात पर केंद्रित है। फिजियोथेरेपी के माध्यम से शरीर की गतिशीलता, मांसपेशियों की ताकत एवं रक्त संचार में सुधार लाने के साथ दर्द और जकड़न को कम करने में मदद मिलती है।
डॉ. बैगूवाला ने नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित शारीरिक गतिविधियां करने और सक्रिय रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से सक्रिय रहना बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी है।