नीमच। नीमच का जिला अस्पताल हमेशा सुर्खियों में बना रहता है। शायद यहाँ के व्यवस्थापकों को इसकी आदत भी पड़ती जा रही है। कई दिनों तक अगर कोई घटना न हो तो शायद अच्छा भी नहीं लगता है। अपनी लचर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला अस्पताल वैसे भी चर्चाओं में रहता है। इलाज का ये तो ये आलम है कि इसे रेफर अस्पताल भी कहा जाता है।
वहीं इसके अलावा जिला अस्पताल अपनी सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी इन दिनों लाइम लाइट में है। मरीजों के साथ आ रहे परिजनों के साथ कई घटनाए घटित हो चुकी है। कई लोगो के साथ उनकी सोने चाँदी की रकम, नकदी और मोबाइल चोरी की वारदाते लगातार सामने आ रही है। लेकिन प्रशासन ने इस ओर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। अब लोगों को यहाँ इलाज करवाने में भी डर लग रहा है कि कहीं उनके साथ इस प्रकार की घटना नहीं हो जाए।
मंदसौर के हरिपुरा गांव का युवक देवेंद्र सिंह अपने दादाजी का इलाज करवाने दिनांक 11 जून को नीमच जिला अस्पताल आया। जहां डॉक्टरों द्वारा चेकअप कर उन्हें भर्ती कर दिया। रात्रि में युवक वार्ड के बरामदे में सो रहा था। तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके जेब से मोबाइल निकाल लिया। उक्त युवक ने इस घटना की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की है।
इस प्रकार की घटना 10 जून की रात्रि में भी हुई है। जिला अस्पताल में पुलिस चौकी होते हुए भी इस प्रकार की घटना हो रही है। प्रशासन की नाक के नीचे चोर खुलेआम चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे है। मरीजों के परिजनों की मांग है कि सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि उनके साथ नुकसान की घटना न हो।