खंडवा। जिले के पंधाना थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्ची का फल व्यापारी ने अपहरण कर उसका यौन शोषण किया। घटना तब हुई जब बच्ची मामा के घर मेहमान आई हुई थी। आरोपी ने आइसक्रीम का लालच देकर उसे अपने साथ ले गया और दुकान के ऊपर एक कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची इस घटना के बाद सहम गई। माता-पिता के पास पहुंची तो आपबीती सुनाई। उसके बाद उन्होंने सोमवार को पंधाना थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवाया।
डीएसपी अनिलसिंह चौहान के अनुसार सात वर्षीय बच्ची क्षेत्र में रहने वाले मामा के घर रहने के लिए आई थी। 25 मई को बच्ची जब घर के बाहर खेल रही थी तब आरुद में रहने वाला फल व्यापारी कल्लू उर्फ नरेंद्र वहां पहुंचा। पीड़िता को उसने आइसक्रीम दिलाने का लालच देकर उसे गोद में बैठाया और अपने साथ फल दुकान के ऊपर एक कमरे में ले गया। वहां उसके साथ यौन शोषण किया। पीड़िता जब रोने लगी तो आरोपी कल्लू ने उसे मारने की धमकी दी।
बच्ची ये सुनकर घबरा गई और मामा को घटना के बारे में नहीं बताया। पीड़िता जब अपने घर पहुंची तब माता-पिता से उसने कल्लू की करतूत बयां की। परिजन ये सुन घबरा गए। वे पंधाना थाने पहुंचे और फिर कल्लू के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर कल्लू को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग-
आरोपी पीड़िता के मामा का परिचित ही था। उसका घर भी आना-जाना लगा रहता था। लेकिन कल्लू की करतूत से पूरा परिवार वाकिफ नहीं था। उसने मासूम के साथ दरिंदगी कर पूरे परिवार का विश्वास तोड़ दिया। परिजन की मानें तो जिसे वह अपना समझ रहे थे वह सपोला निकला। ऐसे आरोपी को फांसी की सजा होनी चाहिए।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।