उज्जैन। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मंगलवार को उज्जैन-जावरा मार्ग पर स्थित चकरावदा टोल पर टोल कर्मियों की दादागिरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने चक्काजाम भी किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खुल सका। करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह के नेतृत्व में करणी सैनिकों ने चकरावदा स्थित टोल पर इकट्ठा होकर चक्काजाम कर दिया।
करणी सैनिकों की मांग थी कि टोल पर जो कर्मचारी दादागिरी करते हैं और जिनके आपराधिक रिकॉर्ड हैं, उन्हें चिह्नित कर पुलिस कार्रवाई करें। उन्हें टोल से हटाएं। प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से उन्हें शिकायत मिल रही थी कि आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को टोल कर्मी परेशान कर रहे हैं। साथ ही टोल पर तैनात विशेष समुदाय के युवक महिला व युवतियों के साथ भी अभद्रता करते हैं।
सिंह के अनुसार सीएसपी सचिन परते ने आश्वस्त किया है कि जो भी आपराधिक प्रवृत्ति के, आपराधिक रिकॉर्ड के कर्मचारी टोल पर तैनात हैं, उन पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्हें टोल से हटाया जाएगा। इस दौरान हेमंतसिंह चौहान प्रदेश प्रभारी, हितेंद्र सिंह भाटी, सोनू बन्ना नया पूरा, सोनू बन्ना गुनई जागीर आदि मौजूद थे।