नीमच। शहर की कृषि उपज मंडी में किसानों के साथ आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही है। ऐसा ही एक मामला आज बुधवार को भी मंडी में हुआ। यहां किराना मंडी में तिल्ली लेकर पहुंचे किसान का मोबाइल चोरी हो गया। जिसकी सूचना मंडी कार्यालय को दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन रोड स्थित कृषि उपज मंडी में बुधवार को जावरा तहसील के ग्राम सादाखेड़ी का किसान कारूलाल पिता रामसुख तिल्ली लेकर पहुंचा था। किराना मंडी में किसान ने तिल्ली का ढेर लगाया और पास ही पाल बिछाकर लेट गया। इसी दौरान जब नीलामी में देरी हुई तो दोपहर करीब 12.30 बजे उसकी आंख लग गई। फिर जब किसान उठा तो सिर के पास ही पाल के नीचे रखा मोबाइल गायब मिला। इस पर उसने तत्काल मंडी कार्यालय पहुंचकर मंडी सचिव सतीश पटेल को घटना से अवगत कराया। मंडी सचिव ने मंडी इंस्पेक्टर समीरदास को सीसीटीवी फुटेज चेक करने के निर्देश दिए। इस पर मंडी सचिव ने सीसीटीवी कैमरा चेक किया तो उसमें हम्माल समीर पिता रसीद निवासी नाका नं. 4 बघाना मोबाइल उठाकर ले जाता हुआ नजर आया। मंडी इंस्पेक्टर के आदेश पर सुरक्षा गार्ड शांतिलाल गुर्जर, गणपत गुर्जर व बसंतीलाल गुर्जर ने हम्माल की तलाश की। हम्माल मंडी गेट के बाहर मिला। मोबाइल चोरी के संबंध में जब पूछताछ की तो उसने मोबाइल चुराने व उठाने की बात से इंकार किया। जब उसे मंडी कार्यालय लाए और सीसीटीवी फुटेज दिखाए तो हम्माल ने चोरी की घटना कबूल की। इसके बाद डायल 100 को सूचना दी। बघाना थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। उसके विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाईकी जा रही है।