प्रतापगढ़। जमीन कारोबार को लेकर लगातार मिल रही धमकियों से आहत होकर शहर के प्रमुख कांट्रेक्टर और समाजसेवी मुस्तफा होटलवाला ने बुधवार सुबह जहर खाकर आत्महत्या कर ली। डर के मारे मौत को गले लगाने की बात सामने आ रही है। कॉन्ट्रेक्टर मुस्तफा के बेटे ने नौ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
इसमें भू-माफियाओं और बदमाशों से परेशान होकर मुस्तफा द्वारा सुसाइड करने के आरोप लगाए हैं। इसमें एक आरोपी को शहर के बहुचर्चित हत्याकांड के मामले में सजा भी सुनाई जा चुकी है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। समाजसेवी बोहरा ने अपनी मौत से पहले एक वीडियो भी बनाया था। वहीं अस्पताल में पुलिस ने उनके बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुछ लोगों को डिटेन भी किया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने शहर के नामचीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मृतक के मोबाइल के आधार पर संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। मंदसौर रोड निवासी मुस्तफा उम्र 55 पुत्र सादिक अली को बुधवार सुबह उल्टियां होने की शिकायत पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूचना पर पुलिस के अधिकारी भी जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां पर मुस्तफा के बयान दर्ज किए।
उपचार के दौरान मुस्तफा की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मुस्तफा होटलवाला भूमाफियाओं व बदमाशों के आतंक से परेशान था। तीन दिनों से वह शहर से भी बाहर था। परिचितों को फोन कर मदद की गुहार भी लगा रहा था। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में जांच जारी है। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन को कब्जे में लिया है। साथ ही परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि मामले में जो भी उचित कार्रवाई होगी की जाएगी। किसी भी दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सूत्रों के अनुसार मुस्तफा ने घर से निकलते समय एक वीडियो बना कर उसमें उसे परेशान करने वाले सभी लोगों की नाम लिए हैं। इसके साथ ही पुलिस को दिए बयान में भी उसने भूमाफिया और बदमाशों के बारे में पुलिस को जानकारी दी है।
कोतवाली थाना पुलिस में मुस्तफा होटल वाले के बेटे हुसैन ने मुस्तफा द्वारा जारी सुसाइड नोट और वीडियो के आधार पर 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। कोतवाली थाने में समद लाला, जांसेर लाला अखेपुर, टीपू लाल निवासी देवल्दी, रितेश सोमानी प्रतापगढ़, प्रेम मोहन सोमानी प्रतापगढ़, इकबाल, शाहरूख, शाहनवाज और जुल्फीकार प्रतापगढ़ के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। मुस्तफा के बेटे हुसैन ने थाने में अपने साथी के साथ मिलकर मुस्तफा द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट के दो पेज भी पेश किए हैं। जिससे भी कई राज खुलेंगे।
मुस्तफा ने अपने सुसाइड नोट में समद खान व जांशेर खान अखेपुर, टीपू पठान देवल्दी, रितेश सोमानी, प्रेम मोहन सोमानी, प्रतापगढ़ और अन्य लोगों द्वारा जमीन की रजिस्ट्री करने के बाद भी रुपए नहीं देकर डराने धमकाने से परेशान होकर आत्महत्या करना बताया है। पुलिस ने मामले में धारा 384, 387, 306, 506, 120बी के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। मुस्तफा के दिए गए सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस मामले में कई खुलासे कर सकती है। इनमें से शामिल एक अभयुक्त प्रेम मोहन सोमानी पहले भी बहुचर्चित गिरिराज जोशी हत्याकांड में चर्चाओं में रहा है। प्रेम सोमानी को चित्तौड़गढ़ कोर्ट से उम्रकैद की सजा भी सुनाई गई थी। फिलहाल सोमानी ने हाईकोर्ट में अपील की हुई और इसी आधार पर जमानत पर है। वहीं एक अभियुक्त रितेश सोमानी भाजपा का नगर मंडल अध्यक्ष है।