नीमच। जिले के ग्राम सोनियाना में शुक्रवार सुबह एक नवजात बच्ची लावारिस अवस्था में मिली। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल बघाना थाना पुलिस को दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया है। जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बघाना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सोनियाना में एक मार्ग के समीप स्थित झाड़ियों से ग्रामीणों को किसी बच्चे की रोने-बिलखने की आवाज सुनाई दी। गांव के सरपंच ने भी बच्ची की आवाज सुनी और ग्रामीणों को एकत्रित कर बच्ची को सुरक्षित एक चबूतरे पर लेटाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मासूम बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस ने मामला जांच में लिया है।