खरगोन। जिस दिन अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर श्रीराम भक्तों को समर्पित होगा। उसी दिन कसरावद तहसील के लेपा पुनर्वास के अयोध्याधाम बैरागढ़ में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में श्रीराम दरबार प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मनाया जाएगा। यहां बैरागढ़ में लगभग 2 करोड़ लागत से अयोध्या में बन रहे श्रीराम मंदिर की तरह मंदिर बन रहा है।
मंदिर समिति से जुड़े योगेश बामने बताते हैं कि अयोध्या की तरह 5 अगस्त 2021 को मंदिर का शिलान्यास हुआ था। अब अयोध्या की तरह 22 जनवरी 2024 को मंदिर में प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। 3 दिन महोत्सव चलेगा। संत 1008 उत्तम स्वामीजी की श्रीराम कथा होगी। अयोध्या के संत प्राण प्रतिष्ठा में आएंगे। भगवान श्रीराम, लक्ष्मणजी और सीताजी 10 फीट ऊंचे लकड़ी के सिंहासन पर विराजेंगे।
मूर्तियों की सोने के अर्क की मालाएं मुंबई व खास वस्त्र चेन्नई में तैयार कराए जा रहे हैं। महोत्सव की रूपरेखा के लिए रविवार शाम को बैठक हुई। इसमें भारती दीदी, शीला पटेल, महेंद्र तंवर, जितेंद पटेल, हेमंत सोनी, देवराम वर्मा, तिलोक सेठाना सहित क्षेत्र के 110 गांवों के प्रतिनिधि व भक्त शामिल हुए।
ग्रामीण प्रतिनिधियों ने बताया लेपा के पुनर्वास क्षेत्र में 2 करोड़ रुपए की लागत से श्रीराम मंदिर बन रहा है। पुराने गांव में मंदिर महेश्वर बांध की डूब में आने से भगवान का पुनर्वास हुआ। नई जगह बसने से पहले मंदिर को शिफ्ट किया गया है।
समिति के मुताबिक मंदिर का डिजिटल नक्शा तैयार कराया गया। यहां 50 बाय 30 वर्गमीटर में मंदिर लगभग तैयार है। यहां बगीचा, सरोवर, अतिथि कक्ष, शौचालय, खेल मैदान, बैठक कक्ष के अलावा नर्मदा परिक्रमा वासियों के लिए कक्ष निर्माण चल रहा है।