चित्तौड़गढ़। राजस्थान के प्रसिद्द कृष्णधाम श्री सांवलिया जी में बुधवार को मासिक भंडार खोला गया। पहले राउंड में 6 करोड़ 21 लाख से ज्यादा के रुपयों की गिनती हुई है। दूसरे राउंड की गिनती अब 12 जनवरी को की जाएगी। अमावस्या होने के कारण गुरुवार को काउंटिंग नहीं होगी। भंडार से सांवलिया सेठ को चढ़ाई गई कई देशों की करेंसी भी मिली है, इसमें 100-100 के 100 नोट अमेरिकन डॉलर के भी निकले।
अमावस्या पर हर महीने सांवरा सेठ के दर पर काफी भीड़ रहती है। इसके चलते मंदिर मंडल की ओर से काउंटिंग नहीं की जाती है। पूरे स्टाफ के ड्यूटी व्यवस्थाओं में लगी होती है। भंडार से चांदी के छोटे-छोटे भेंट भी निकले। इसके अलावा कई देशों की फॉरेन करेंसी भी निकली है। इसमें 100-100 के 100 नोट अमेरिकन डॉलर के निकले है। यानी कुल 10,000 अमेरिकन डॉलर मिले, जो इंडियन करेंसी के 8.30 लाख रुपए है। इसके अलावा ईरान, इराक, कुवैत, आबुदाबी और नेपाल की भी करेंसी निकली।
हर महीने की चतुर्दशी को मंडफिया स्थित श्री सांवलिया जी मंदिर में भंडार खोला जाता है। बुधवार को भी राजभोग आरती के बाद सांवरा सेठ का भंडार खोला गया। पहले दिन के काउंटिंग में 6 करोड़ 21 लाख 70 हजार रुपए मिले। बाकी नोटों का बंडल बनाकर रखा गया है, जिनकी गिनती 12 जनवरी को की जाएगी।
गणना के दौरान मंदिर मंडल के अध्यक्ष भैरूलाल गुर्जर, सदस्य संजय कुमार मंडोवरा, श्रीलाल पाटीदार, ममतेश शर्मा, अशोक शर्मा, शंभू सुथार, प्रशासनिक अधिकारी नंदकिशोर टेलर, तहसीलदार गुणवंत, संपदा अधिकारी कालू लाल तेली, हरलाल गुर्जर और बैंक कर्मचारी उपस्थित रहे।