मंदसौर। सांसद सुधीर गुप्ता तीसरी बार संसद रत्न अवॉर्ड से सम्मानित हुए। दिल्ली में प्राइम पॉइंट फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में तेलंगाना व पुडुचेरी के राज्यपाल डॉ. तमिलिसै सौंदरराजन, गृह राज्यमंत्री भारत सरकार अमित मिश्रा एवं सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायधीश संजय किशन कौल, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष हंसराज अहीर ने सांसद गुप्ता को सम्मानित किया। इससे पूर्व सांसद गुप्ता फेम इंडिया अवॉर्ड एवं भारत गौरव लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुके हैं।
संस्था देश के सांसदों को लोकसभा कार्यकाल में निरंतरता और उनके प्रदर्शन के आधार पर अलग-अलग श्रेणी में उनके द्वारा किए कार्यों पर यह पुरस्कार प्रदान करती है। भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के कहने पर इन सम्मानों की स्थापना की गई। डॉ. कलाम ने स्वयं 2010 में चेन्नई में पहले पुरस्कार समारोह का उद्घाटन किया था। यह भारत में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले सांसदों को सम्मानित करने के लिए नागरिक समाज द्वारा दिया जाने वाला एकमात्र पुरस्कार है।
इसके लिए नामांकित व्यक्तियों का चयन कानून और संसदीय मामलों के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएस कृष्णमूर्ति की अध्यक्षता वाली एक प्रतिष्ठित जूरी समिति द्वारा किया गया।सांसद गुप्ता ने बताया कि मोदी सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं से क्षेत्रवासियों को आजादी के बाद जाकर अब लाभ मिल रहा है। इसमें गांधीसागर जलप्रदाय योजना, गांधीसागर सिंचाई योजनाओं जैसी हजारों करोड़ की योजनाएं शामिल हैं। साथ ही शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, आवास जैसी अनेक योजनाओं में क्षेत्र अव्वल है। सांसद ने इस पुरस्कार को क्षेत्र की जनता और देश में मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को समर्पित किया है।