छिंदवाड़ा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की तारीखों के एलान के बाद से राजनैतिक पार्टियों के प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। मध्यप्रदेश के महाकौशल की लोकसभा सीटों सहित छिंदवाड़ा में पहले चरण 19 अप्रैल को मतदान होगा। छिंद वाड़ा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे सांसद नकुलनाथ को दोबारा प्रत्याशी घोषित किया है। सांसद नकुलनाथ 2024 लोकसभा निर्वाचन के लिए 26मार्च को नामांकन दाखिल करेंगे,वहीं 27मार्च को श्याम टाकीज से नामांकन रैली निकाली जाएगी, रैली शहर के विभिन्न मार्गाे से होते हुए छोटा तालाब, छोटी बाजार, गोलगंज, फव्वारा चौक होते हुए मानसरोवर पहुंचेगी। मानसरोवर बस स्टैंड में जनसभा को संबोधित करेंगे।जानकारी के मुताबिक नामांकन रैली में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ,जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, गंगा प्रसाद तिवारी,विधायक नीलेश उईके, सुनील उईके, चौधरी सुजीत सिंह,सोहन वाल्मिक, कमलेश शाह,विजय चौरे सहित बड़ी संख्या में पार्टी संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
देश में होने वाले लोकसभा 2024 के चुनाव 7चरणों में होंगे।मध्यप्रदेश में चुनाव 4चरण में होंगे। पहले चरण में 6लोकसभा सीटों जबलपुर, सीधी शहडोल, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा में 19 अप्रैल को मतदान होगा। 20मार्च से नामांकन दाखिल की प्रक्रिया शुरू होकर 27मार्च तक चलेगी।4जून को नतीजे आएंगे