निंबाहेड़ा। चोरों ने विगत रात चिकारडा में चलती हुई एक मिनी बस में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चश्मदीदों के मुताबिक इस घटना को चोरों ने रात करीब 1.30 बजे निंबाहेड़ा से मंगलवाड की तरफ जाती हुई मिनी बस की छत पर चढ़कर सारा लगेज धीरे-धीरे रोड के साइड में फेंककर अंजाम दिया।
बस में सवार एक यात्री अजीज भाई मुखिया ने बताया कि आधी रात में रास्ते पर कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। खिड़की से बाहर देखने पर पता चला कि बस की छत से लगेज नीचे फेंका गया है और देखा तो ऊपर दो चोर लटके हुए थे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए बस में दूसरे सभी यात्रियों को चोर चोर चिल्ला कर अलर्ट किया और ड्राइवर से गाड़ी रूकवाई। गाड़ी के रुकते ही चोर नीचे की तरफ कूदे और भागना शुरू किया। वहीं अजीज भाई और एक बस में अन्य यात्री हकीमुद्दीन भाई ने शीघ्रता से बस से उतर के चोरों का पीछा किया। पीछा करने पर ज्ञात हुआ कि उन दो चोरों के साथ एक चोर और था जो मोटरसाइकिल लिए हुए तैयार और लगेज को लेकर भागने की तैयारी में था। हकीमुद्दीन भाई ने अति शीघ्रता दिखाते हुए उन चोरों के पीछे दौड़कर उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे चोरों में डर पैदा हुआ। डर के चलते चोर वहां से लगेज छोड़कर फरार हो गए।
इसी दरमियान बस के दूसरे यात्री भी नीचे उतरे और इस मामले को समझने की कोशिश की, तभी उन्हें एक बैग दिखाई दिया। जिससे कि यह ज्ञात हुआ कि चोरों ने चोरी करने के लिए लगेज ऊपर से नीचे फेंका था, लेकिन उसे वह चुरा नहीं पाए और सभी बैग को ढूंढने के लिए फिर से पीछे की तरफ गए और एक-एक करके बैग मिलने लगे। कुल छः में से पांच बैगों को तो बरामद कर लिया गया। अत्यधिक प्रयास करने के बाद भी एक बेग जो की हकीमुद्दीन भाई का था उसे हासिल नहीं किया जा सका। सभी ने एक बैग के न मिलने के गम की बजाय पांच बैग के मिलने की खुशी को बनाते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचने का सफर शुरू किया।