नीमच। जिले के नीमच-मनासा मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक कुएं में 45 वर्षीय व्यक्ति की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शहर के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले नीमच मनासा मार्ग पर नायरा पेट्रोल पंप के सामने स्थित कुएं में एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव तैरते हुए दिखाई दिया। कुएं में शव मिलने की सूचना पर पहुंची सिटी थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मौका पंचनामा बनाकर शव को पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाया। शव का शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नीमच सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मनासा रोड़ स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने केसर सिंह डोडियार नामक व्यक्ति के खेत पर बने कुएं में जिस व्यक्ति की लाश मिली उसकी पहचान मुरली पिता बबरु भील उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में हुई है। सिटी थाना प्रभारी उमेश यादव ने बताया कि कुएं में एक व्यक्ति की लाश होने की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे और शव को बाहर निकलवाया था। कुएं के समीप एक की-पैड मोबाइल, मृतक की चप्पल और शराब का पाउच मिला था। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। कल शुक्रवार को पीएम करवाया जाएगा। पीएम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति साफ होगी।