नीमच। जीरन थाना अंतर्गत गांव बामोरा में जमीन विवाद ने खुनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस आपसी विवाद में एक महिला गंभीर घायल हो गई। जिसका शहर के एक निजी चिकित्सालय में इलाज जारी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेमलता बनवारीलाल पाटीदार और प्रेमशंकर पिता सत्यनारायण पाटीदार निवासी गांव बमोरा तहसील जीरन के बीच कुछ दिनों से जमीन विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह भी विवाद की स्थिति निर्मित हुई। जिसके बाद एक पक्ष के द्वारा पत्थर से हमला कर दिया। जिसके कारण महिला प्रेमलता गंभीर घायल हो गई।
घायल के रिश्तेदार अनिल पाटीदार ने बताया कि हमने घर के पड़ोस में एक बाड़ा ख़रीदा हैं जिसको लेकर प्रेमशंकर पिता सत्यनारायण पाटीदार द्वारा हमसे झगड़ा किया जा रहा था। आज सुबह 06.30 बजे मेरी काकीजी प्रेमलता को अकेला देखकर प्रेमशंकर पाटीदार और उसके बेटे राहुल पाटीदार ने छत से पत्थर और ईंटे बरसाई। जिसके कारण प्रेमलता बाई को गंभीर चोट आई हैं। परिजनों ने बताया कि हमने पहले भी कई बार विवाद की शिकायत जीरन थाने में की लेकिन कोई कार्यवाई नहीं हुई। हम हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्यवाई की मांग करते हैं।