सिंगोली। तहसील क्षेत्र के फत्ताखेड़ी ग्राम कोटवार ने बुधवार को अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ गटक लिया। गहन चिकित्सा हेतु जब उसे नीमच ले जाया जा रहा था तब रास्ते में ग्राम दड़ौली के यहां उसने दम तोड़ दिया।
देर शाम सिंगोली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम फत्ताखेड़ी निवासी कैलाश पिता राधेश्याम दरोगा राजपूत, उम्र 35 साल ने ग्राम फत्ताखेड़ी स्थित अपने ही घर में कोई जहरीला पदार्थ गटक लिया, ये सब जब उसकी मां ने देखा तो वह तुरंत ही उसे अन्य परिजनों की सहायता से सिंगोली हॉस्पिटल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सक इतेश व्यास ने प्राथमिक उपचार के बाद गहन चिकित्सा हेतु नीमच जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया था।
लेकिन नीमच जाते समय ग्राम दड़ौली के पास उसकी गबराहट बड़ी और वहीं उसने दम तोड़ दिया। बाद में परिजन उसे वापस सिंगोली हॉस्पिटल लेकर आए तथा पुलिस थाने पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण विवेचना में ले लिया है। परिजनों की माने तो कैलाश कुछ समय से आर्थिक तंगी और कर्ज को लेकर ज्यादा परेशान दिख रहा था।