चित्तौड़गढ़। निम्बाहेड़ा कोतवाली थाना क्षेत्र में पांच माह पहले नायरा पेट्रोल पम्प के मैनेजर की आंखों में मिर्ची डाल पिस्टल दिखाकर 2.70 लाख रुपए लूट मामले में पुलिस पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वारदात में पेट्रोल पम्प का एक कर्मचारी भी शामिल हैं।
एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि पेट्रोल पम्प कर्मचारी मानमल मेघवाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट का प्लान बनाया था। पेट्रोल पंप से मैनेजर के निकलने पर साथियों को फोन कर सूचना दी थी। इस पर बदमाश चन्द्र प्रकाश, कन्हैयालाल, विशाल व दिनेश उर्फ दिलखुश मीणा ने रास्ते में पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया।
एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि पिछले साल 7 दिसम्बर को नीमच हाईवे स्थित नायरा कंपनी के धेनु कृपा फिलिंग स्टेशन का मैनेजर मनीष कुमार शारदा कलेक्शन के 2 लाख 35 हजार रुपए हैंड बैग में रख बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में दहशरा मैदान अशोक वाटिका अम्बानगर खाल के पास नकाबपोश बाइक सवार तीन बदमाशों ने रास्त में अचानक आंखों में मिर्ची डाल दी। मैनेजर के गिरते ही बदमाश रुपयों से भरा बैग, मोबाइल और जेब से 25 हजार रुपए लूट लिया और पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में मादीया खेडी थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा निवासी कन्हैयालाल उर्फ राकेश पुत्र उंकारलाल नायक, मध्यप्रदेश के नीमच जिले के सरवानिया मसानी थाना जावद निवासी विशाल पुत्र ओमप्रकाश वारठ, बांगेडा मामादेव थाना कोतवाली निम्बाहेडा दिनेश उर्फ दिलखुश उर्फ दिल्ला पुत्र बाबुलाल मीणा को गिरफ्तार किया। जिन्होंने पुलिस पूछताछ में में थाना निम्बाहेडा की घटना करना कबूल किया। जिसमें उनके साथ चन्द्रप्रकाश रावल व मानमल मेघवाल का शामिल होना बताया। जिस पर आरोपी वागंरेडा मामादेव थाना कोतवाली निम्बाहेडा निवासी चन्द्रप्रकाश (20) पुत्र पन्नालाल रावल व मानमल (25) पुत्र शान्तीलाल मेघवाल को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां रिमांड पर भेजा गया है।