मंदसौर। मल्हारगढ़ थाना पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से ढाई लाख रुपए की कीमत की 500 ग्राम अवैध अफीम और 100 ग्राम अवैध एमडी सिंथेटिक ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। मल्हारगढ़ थाना प्रभारी राजेंद्र पवार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बाइक सवार अवैध मादक पदार्थ लेकर के मल्हारगढ सुठोद के बीच से निकलने वाला है मौके पर नाकाबंदी की जाए। आरोपी गिरफ्त में आ सकता है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के महू नीमच हाईवे सुठोद मल्हारगढ़ रोड पर एक पुलिया के निकट से नाकाबंदी कर मुखबिर के द्वारा बताई गई हुलिए वाली बाइक (एमपी 14 जेडई 0622) को रोक कर बाइक चालक को हिरासत में लेकर तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम और 100 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की गई है।
नाम पता पूछने पर आरोपी ने अपना नाम वसीम आलम पिता रायसुद्दीन शेख उम्र 19 साल निवासी माधोपुर शेखटोली, थाना मझौलिया जिला बेतिया बिहार का होना बताया। आरोपी वर्तमान में प्रतापगढ़ राजस्थान के गोवर्धनपुरा में रह रहा था पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध मादक पदार्थ तस्करी की धारा एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।