नीमच। शहर के बघाना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली हवाई पट्टी क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बस में कंडक्टर ने सवारी को आगे बढ़ने को कहा तो उसने कंडक्टर पर ही धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में घायल कंडक्टर को इलाज के लिए नीमच जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां उसका उपचार किया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नागदा बस पर कंडक्टर का काम करने वाला रामसिंह सौंधिया अपनी ड्यूटी खत्म कर एक बस में सवार होकर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान नीमच हवाई पट्टी के यहां एक यात्री बस में चढ़ा जिसे रामसिंह ने आगे बढ़ने की कहा तो इससे वह भड़क गया और शराब के नशे में उस यात्री ने धारदार हथियार से रामसिंह पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में रामसिंह को चोट आई। सूचना पर बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। साथ ही आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। आरोपी लखमी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।