नीमच। शहर के नीमच सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार को खारोल समाज की मीटिंग आयोजित हुई। इसमें समाज के एक व्यक्ति द्वारा अन्य समाज की महिला को रखने पर बातचीत की जा रही थी। इसी दौरान उक्त व्यक्ति व अन्य साथियों के साथ मिलकर अचानक लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिसमें समाज के 4 लोग घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नीलकंठ महादेव मंदिर पर खारोल समाज की मीटिंग में यह विवाद हुआ। विवाद में खारोल समाज के पिपलिया रावजी निवासी राधेश्याम पिता रामलाल, रविंद्र पिता राधेश्याम, लाला पिता मथुरा लाल, मनीष पिता कैलाश घायल हुए हैं जिन्हें समाजजन निजी वाहनों से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे हैं। जहां पर घायलों का उपचार जारी है। घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में समाजजन और घायलों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि लाठी डंडों से हुए हमले में एक व्यक्ति का हाथ फैक्चर हुआ है तो वहीं अन्य घायलों के सर में गंभीर चोटें आईं हैं। फिलहाल घायलों को जिला चिकित्सालय लाया गया है। जहां पर उनका उपचार किया जा रहा है।
वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष का कहना है कि उनके साथ भी मारपीट की गई है। पूर्व में समाज की मीटिंग आयोजित की गई थी, जिसमें मामूली विवाद हुआ था जिसके चलते या दूसरी बार मीटिंग आयोजित की गई और इसमें समाज के ही कुछ लोगों ने पहले उनके ऊपर हमला कर दिया। जिसमें हमारी गाड़ी का ड्राइवर घायल हुआ है। गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई है। साथ ही हमारा एक भाई भी अभी तक लापता है। जिसे कार में भरकर ले जाया गया है। फिलहाल दोनों पक्षों के घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है।