उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुलिस ने 19 ड्रीम्स कॉलोनी में छापेमारी कर नौ सटोरियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मौके से 14 करोड़ रुपये से अधिक नकदी जब्त की थी। इसके साथ ही मोबाइल, लैपटॉप, मेमोरी कार्ड, पेन ड्राइव और विदेशी मुद्रा भी बरामद की गई थी। शनिवार देर रात पुलिस ने सट्टेबाजी के मुख्य आरोपित पीयूष चोपड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया।
ऑनलाइन क्रिकेट का सट्टा संचालित कर रहे बिल्डर पीयूष चोपड़ा को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोपड़ा के 19 ड्रीम्स कॉलोनी स्थित घर पर गुरुवार देर रात छापेमारी कर नौ सटोरियों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने मौके से 14.58 करोड़ रुपये नकद, 41 मोबाइल, 19 लैपटॉप, पांच मैक-मिनी, एक आईपैड, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मोबाइल सिम, दो पेनड्राइव, तीन मेमोरी कार्ड तथा विदेशी करंसी बरामद की थी।
मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से सट्टा
अंतरराष्ट्रीय मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से सट्टा संचालित किया जा रहा था। चोपड़ा मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
अंतरराष्ट्रीय संबंधों की जांच
शनिवार को पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों को कोर्ट में पेश किया था। जहां से उन्हें 20 जून तक रिमांड पर भेज दिया। वहीं पुलिस टीम जांच के लिए पंजाब के लुधियाना भी रवाना हो गई। साइबर सेल चोपड़ा के अंतरराष्ट्रीय संबंधों की जांच में जुटी है।