नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र में एक बालक का अपहरण करने का मामला सामने आया है। बालक अपने घर से किराने का सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान एक वाहन में बैठे 4-5 लोगों ने उसे उठा लिया और उसके बाद मौके से फरार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोगों द्वारा अपहरण करने वालों का पीछा भी किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार मनासा थाना क्षेत्र के बालागंज निवासी विष्णु पिता मांगीलाल ओल्ड अपने घर से किराने का सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान एक राजस्थान पार्सिंग कार में सवार कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर लिया और अपहरणकर्ता बालक को जमुनिया राव जी, लासूर, मोरवन, जावद, नयागांव होते हुए राजस्थान में प्रवेश कर गए हैं। वही बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोग अपहरण करने वाले वाहन का पीछा कर रहे हैं। वहीं अपहरण की सूचना मिलते ही मनासा पुलिस टीम भी रवाना हुई है और जगह-जगह पर चेकप्वाइंट भी लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि अपहरणकर्ता नयागांव टोल पर बेरीकेट तोड़ते हुए भाग निकले हैं। फिलहाल पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी हुई है।
