नीमच। कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बारादरी चौराहे के समीप दिनदहाड़े एक महिला को रुपए का लालच देकर धोखाधड़ी कर सोने की चैन उड़ा लेने का मामला सामने आया है। इसके बाद महिला कैंट थाने पहुंची और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के सिटी थाना क्षेत्र के नया बाजार निवासी गुड्डी बाई स्वर्गीय अंबालाल राठौड़ (65) वर्ष खाना बनाने का काम करती है। वह रोजाना की तरह खाना बनाने का काम निपटाकर पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान पटेल प्लाजा के सामने दो अज्ञात बदमाश अपनी एक महिला साथी के साथ पीछा करते हुए पहुंचे। जहां वृद्धा गुड्डी बाई को रोका और कहा कि उनके पास बैग में करीब 8 से 10 लाख रुपए रखे हुए हैं। जो हम सब आपस में बांट लेंगे और भी लुभावनी व मीठी-मीठी बाते कर महिला को अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद वे वृद्ध महिला के साथ बारादरी चौराहे पर पहुंचे। जहां बदमाशों ने वृद्ध महिला को एक पोटली दी और कहा कि इसमें रुपये है। इसे आपके पास रखो मगर हम आप पर विश्वास कैसे करें, इसके लिए आपको अपनी कोई कीमती चीज हमें देनी होगी।
इस पर वृद्ध महिला ने अपने गले से सोने की चैन उतारकर उन्हें दे दी। बदमाशो ंने चैन रुमाल में रखकर वापस उन्हें ही दे दी। पोटली में रखने को कहा। साथ ही उन्हें पोटली लेकर घंटाघर तक आगे चलने का कहा। इसके बाद वृद्ध महिला ऑटो से घंटाघर पहुंची। जहां बदमाशों का इंतजार करने लगीं। मगर बदमाश काफी देर तक वहां नहीं पहुंचे तो वृद्धा ने अपने पास में रखी पोटली खोलकर देखी तो उसके होश उड़ गए। उस पोटली में ना तो रुपए थे और ना ही उसकी सोने की चैन। इसके बाद महिला को धोखाधड़ी का अहसास हुआ और वह दौड़कर बारादरी चौराहा और बस स्टैंड पहुंची। जहां बदमाशों की तलाश की मगर तब तक बदमाश अपना काम करके फरार हो चुके थे। इसके बाद महिला ने परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी और परिजनों के साथ कैंट थाने पर पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। वहीं मामले में पुलिस द्वारा घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।