सिंगोली। कस्बे में मोबाईल चोर महिलाओं के सक्रिय होने की जानकारी मिली है। सोमवार दोपहर में दिनदहाड़े फोन चोरी करती एक महिला कैमरे में कैद हुई है। हालांकि महिलाएं अज्ञात है, फिलहाल दुकानदार ने महिलाओं के खिलाफ पुलिस थाने पर शिकायत दर्ज कराई है।

सोमवार देर शाम दुकानदार नवीन जैन ने बताया कि दोपहर में जब वह पुत्र को दुकान पर छोड़कर घर गया था तभी दो महिलाएं मोबाइल खरीदने के बहाने से दुकान पर पहुंची थी तथा एक मोबाइल की रेट जानने के लिए जब पुत्र फोन पर उनसे बात कर रहा था तभी एक महिला ने बड़ी चालाकी के साथ एक मोबाइल चुरा लिया।

दुकान पर पहुंचने के बाद जब उसे एक मोबाइल कम नजर आया तो संदेह हुआ और उसने सीसीटीवी फुटेज देखा तब ग्राहक बनकर दुकान पर आई महिलाओं द्वारा मोबाइल चोरी कर ले जाने की पुष्टि हुई। महिलाएं कौन थी उन्हें जानकारी नहीं है। लेकिन फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के साथ उन्होंने पुलिस थाने पर शिकायत दर्ज कर दी है।