नीमच। शहर के वीर पार्क रोड स्थित एक दुकान पर गुरूवार दोपहर 15 से 20 गुंडों ने पहुंचकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया। इस घटना में दुकान संचालक नारियल व्यापार संतोष रामनानी और उनके पुत्र मोहन रामनानी सहित एक कर्मचारी को गंभीर चोट आई है। मारपीट की घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस भी धनलक्ष्मी ट्रेडर्स पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश दुकान में तोड़फोड़ व लाठी-डंडों सहित अन्य धारदार हथियार से मारपीट की घटना को अंजाम देकर रफू चक्कर हो गए थे। इसके बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा है। जहां सिंधी समाजजनों की भीड़ लग गई।

घायलों को मेडिकल के बाद कराया भर्ती-
कैंट थाने में पीड़ित व्यापारी संतोष रामनानी पिता धनराज रामनानी उम्र 63, उनका पुत्र मोहन रामनानी उम्र 32 वर्ष निवासी जवाहर नगर और कर्मचारी मोहसिन पिता मोहम्मद मकसूद बंगला नंबर 32 उम्र 29 वर्ष ने आरोपियों के विरूद्ध शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मेडिकल के बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है। पीड़ित संतोष रामनानी ने नीमच के कई लोगों पर दुकान खाली करवाने का दबाव बनाने के लिए मारपीट करवाने का आरोप लगाया है।
50 साल पहले किराए से ली थी दुकानें-
संतोष रामनानी ने बताया कि यह दुकानें हमने किसी और से किराए पर ली थी और हम 50 साल से किराएदार हैं। 20 तारीख को एक व्यक्ति शाम के समय दुकान पर आया था जिसने पिताजी को दुकान खाली करने की धमकी दी थी। आज जो यह घटना हुई उनके पीछे भी इन्हीं लोगों का हाथ है। क्योंकि मारपीट के दौरान वह लोग यह कह रहे थे कि इन सभी को बाहर निकालो और दुकान पर ताले लगा दो।
