नीमच। शहर के बघाना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले राज पैलेस होटल के समीप शुक्रवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक स्कार्पियो चालक ने लापरवाही पूर्वक कार चलाते हुए पैदल सड़क पर जा रही किशोरी को रौंद दिया। किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल किशोरी को निजी चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात उसके शव को नीमच जिला चिकित्सालय पोस्टमार्टम के लिए लाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मी पिता बिरजू (15) निवासी लहसुन मंडी के समीप, झुग्गी झोपड़ी जो राज पैलेस होटल के समीप स्थित मंदिर के सामने घूम रही थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो क्रमांक एचआर 26 बी वाय 0096 ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुए। बालिका को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई है। हादसे का वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जिसमें सीआरपीएफ की वर्दी पहने एक जवान दिखाई दे रहा है। साथ ही एक महिला भी दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि महिला सीआरपीएफ के ग्रुप सेंटर में पदस्थ उप कमांडेंट की पत्नी हैं। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के वक्त उक्त महिला ही कार चल रही थी।
मृतका लक्ष्मी के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वह काफी गरीब परिवार से आती है। अपने भाई भाभी के साथ झोपड़ी में रहकर जीवन यापन कर रही थी। फिलहाल मृतका के शव का परिजनों की मौजूदगी में नीमच जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।