ग्वालियर। उटीला में एक तांत्रिक ने महिला के साथ रेप किया। महिला, पति की शराब छुड़ाने के लिए तंत्र विद्या कराने पहुंची थी। आरोपी ने महिला और उसके पति के ऊपर काली शक्तियों का साया बताया था।
घटना 4 मई 2024 की शाम की है। महिला की चुप्पी ने तांत्रिक की हिम्मत और बढ़ा दी। वह उसे ब्लैकमेल करने लगा। तांत्रिक ने महिला को धमकाया कि यदि उसके पास उतारा कराने नहीं आई तो वह काली शक्तियों को उसके और उसके पति के पीछे छोड़ देगा। लेकिन, जब पति ने शराब पीना नहीं छोड़ी, तब महिला समझ गई कि तांत्रिक फायदा उठा रहा है।
बाबा ने उसे कई बार कॉल कर बुलाने का प्रयास किया, आखिरी कॉल 10 जुलाई को महिला के पास आया था। महिला ने पति को बताया, फिर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
बोला- किसी को कुछ बताया, तो पूजा बिगड़ जाएगी
ग्वालियर देहात के उटीला के एक गांव में रहने वाली 30 वर्षीय महिला का पति शराब पीने का आदी है। महिला को किसी ने बताया था कि पास ही गांव में हर नारायण राजौरिया नाम का बाबा है। वह तंत्र - मंत्र से कई लोगों की शराब छुड़ा चुका है। इस पर 4 जुलाई को महिला अपने पति के साथ तांत्रिक के घर पहुंची थी। यहां तांत्रिक ने महिला को बताया कि उसके पति का उतारा करना पड़ेगा।
इसके बाद उसी शाम तांत्रिक महिला के पति को एक कमरे में ले गया और कुछ देर बाद आकर बोला कि उतारा कर दिया है, लेकिन तुम उसकी पत्नी हो, इसलिए तुम्हारा भी उतारा होगा। पति की शराब छुड़ाने के लिए महिला भी तैयार हो गई। बाबा उसे कमरे में ले गया। यहां उसने उतारा के बहाने महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला से कहा कि यह उतारा की बात किसी को बताई तो पूजा बिगड़ जाएगी।