नीमच। जिले के बघाना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली कंचन नगर कॉलोनी में आज मंगलवार को एक 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर की बताई जा रही है जब युवक घर पर अकेला था और बच्चे स्कूल गए थे। पत्नी भी आंगनवाड़ी में गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात कारण के चलते युवक ने घर में फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना का तब पता चला जब ससुराल पक्ष के लोगों ने किसी काम के सिलसिले में युवक को फोन किया। काफी बार फोन करने पर भी उसने फोन नहीं उठाया तो वे घर पर पहुंचे। जहां देखा की युवक फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। इस पर तुरंत उसे नीचे उतारा और जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक दिनेश पिता मुन्ना-लाल ग्वाला विवाहित होकर पत्नी और 2 बच्चों के साथ माता पिता से अलग रह रहा था। वह खाना बनाने का काम करता था। ससुराल शहर के ग्वालटोली में है। पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों के सुपूर्द किया है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।