मनासा। मंगलवार देर रात मनासा नगर के मंदसौर नाके पर खाबिया पेट्रोल पंप के समीप लगे एसबीआई बैंक के एटीएम के बाहर लगे भारी भरकम कांच को एक व्यक्ति ने पत्थर फेंककर फोड़ दिया। जिसकी सूचना पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों ने स्थानीय पुलिस को दी। देर रात 10 बजे करीब मनासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उक्त व्यक्ति को हिरासत में लेते हुए मनासा थाना लेकर पहुंची। पत्थर फेंक कर कांच फोड़ने की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में मंदसौर नाके पर लोग एकत्रित हो गए। पहले तो लोगों को ऐसा लगा कि जैसे किसी ने एटीएम के साथ छेड़छाड़ की लेकिन जब पुलिस ने उक्त व्यक्ति से पूछताछ कि तो पता चला कि उक्त व्यक्ति हाड़ी पिपलिया निवासी और मंद बुद्धि है। पूछने पर उसने बताया कि परिजन इलाज नहीं कर रहे इसलिए उसने एटीएम का कांच फोड़ा । हालांकि पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और परिजनों के सुपुर्द किया।