नीमच। शहर के बघाना थाने में पुलिसकर्मी का एक युवक के साथ मारपीट और महिला से धक्का-मुक्की करने का वीडियो वायरल हो रहा है। इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी का वीडियो मंगलवार देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में थाने के अंदर एक व्यक्ति सिविल ड्रेस में एक युवक के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। उसके साथ ही महिला के साथ धक्का-मुक्की भी कर रहा है। वीडियो करीब 6 माह पुराना बताया जा रहा है। मारपीट करने वाला व्यक्ति पुलिसकर्मी बताया जा रहा है। एसपी अंकित जायसवाल ने कहा कि वीडियो की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 6 माह पहले बघाना थाना क्षेत्र के तहत आने वाली अमर कॉलोनी निवासी विधवा महिला रुक्मिणी देवी अपने बेटे विजय के साथ बघाना थाने एक मामले में बयान देने आई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर पुलिसकर्मी से महिला की बहस हो गई। जिसमें थाने के बाहर बैठा उनका पुत्र अंदर आया। इससे नाराज पुलिसकर्मी ने युवक के साथ मारपीट कर दी। इस मारपीट की शिकायत महिला ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में भी की है। मारपीट करने के आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग की गई है। मारपीट करने का आरोप वीरेंद्र सिंह बिसेन नामक पुलिसकर्मी पर लगाया गया है।
इस मामले में बुधवार शाम को नीमच एसपी अंकित जायसवाल ने बताया कि मंगलवार शाम को मामला सामने आया था। इसमें पहले से ही सीएसपी की ओर से जांच की जा रही है। शिकायत आने साथ ही पहले में ही पुलिसकर्मी को थाने से हटा दिया गया था। महिला परिवार विवाद के मामले में बयान देने आई थी। तब का मामला है। वीडियो सामने आने के बाद उसकी जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल उक्त पुलिस कर्मी अवकाश पर चल रहे है। उनके आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच में वीडियो को भी शामिल किया जाएगा। इसमें आगे की कार्रवाई की जाएगी।