इंदौर। जिले के चोरल में आदिवासी कन्या छात्रावास की वार्डन शिल्पा गौड़ शिकायत के बाद निलंबित हो चुकी है। छात्राओं ने जिला प्रशासन से शिकायत में कहा था कि पूर्व सरपंच का गर्ल्स हॉस्टल में आना जाना था। जब वार्डन को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया तो कार्रवाई से बचने के लिए उसने विभाग को भी गुमराह किया। 17 जुलाई को पूर्व सरपंच और वार्डन का एक वीडियो सामने आया। इसमें पूर्व सरपंच की पत्नी वार्डन पर आरोप लगाते दिख रही है। वीडियो 9 जुलाई का हॉस्टल के बाहर का है। पूर्व सरपंच की पत्नी का आरोप है कि वार्डन ने उसके परिवार को तबाह कर दिया। उसका पति से अफेयर है।

पूर्व सरपंच के हॉस्टल में आने-जाने और वीडियो को लेकर वार्डन ने विभाग को जवाब दिया - पूर्व सरपंच हॉस्टल से मेरा टैबलेट ले गया था। उसे वापस लेने के लिए मैं उसके पीछे गई। हॉस्टल के बाहर उसकी पत्नी पहले से मौजूद थी। टैबलेट लेने की बात पर उन्होंने हंगामा कर दिया।

पूर्व सरपंच का कहना है कि वो पत्नी के साथ कार से जा रहा था। वार्डन ने लिफ्ट मांगी थी। कोई टैबलेट नहीं छीना था। पूर्व सरपंच ने ये भी बताया कि वार्डन हॉस्टल में शराब रखती है। एक बार इसकी कार में बैठा था, तब शराब के क्वार्टर मिले थे। पूछने पर उसने कहा था- मुझे रोज लगती है। हॉस्टल में पीती हूं।