मंदसौर। मल्हारगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी की 6 बाइक बरामद की है। मल्हारगढ एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि मल्हारगढ़ क्षेत्र में 14 जून फरियादी ओंकार देवीलाल पिता ओंकार गीरी गोस्वामी की उसके घर के बाहर खड़ी सुपर स्पेलेंडर बाइक (MP14MQ0801) चोरी हो गई थी।
इसी तरह 8 जुलाई को फरियादी जमील गौरी पिता गफुर मोहम्मद गौरी निवासी हरसोल की मल्हारगढ तहसील परिसर में खड़ी बाइक (MP14MH9223) चोरी हो गई । वही तीसरी घटना में 9 जुलाई को फरियादी सुनिल पिता चन्द्रप्रकाश बाफना निवासी मल्हारगढ की तहसील परिसर गार्डन के पास खड़ी बाइक (MP14MK9575) चोरी हो गई। तीनों मामलों में पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया था।
जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बाइक चोरी के मामलों में सख्ती से कारवाई के निर्देश दिए थे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसडीओपी सोलंकी के नेतृत्व में मल्हारगढ एसआई संजय प्रताप प्रताप सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कमल पिता राम नारायण बावरी (24) निवासी पालराखेडा थाना जावद जिला नीमच, और अनिल पिता शिवलाल बावरी (22) निवासी बंबोरा थाना छोटी सादडी जिला प्रतापगढ को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी की छह बाइक बरामद की है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।