नीमच में युवक को बीच रास्ते में रोक कर उस पर सरेआम ब्लेड और लट्ठ से हमला करने की घटना सामने आई है। मामला भोलियावास से आगे जावद रोड का है। मिली जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय यश कैथवास पिता विपिन कैथवास रोजमर्रा की तरह मोटरसाइकिल से जावद काम धंधे के लिए जा रहा था। तभी शाईन मोटरसाइकिल पर भरभड़िया से नीमच की तरफ आ रहे अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया। यश के साथ गाली गलौज कर लाठी से हमला कर दिया और उसके शरीर में कई जगह पर ब्लेड से वार कर दिए। जिससे यश घायल हो गया। यश को घटना की सूचना के बाद परिजन और दोस्त कैंट थाना लेकर पहुंचे।

यश ने हमारे रिपोर्टर को बताया कि हमलावर युवकों ने जाते-जाते मुझे धमकी दी कि कोर्ट में चल रहे राजू के केस से अलग हट जा,वरना अंजाम बुरा होगा। बीती रात भी इस तरह की धमकी यश को मिली थी। यश से मिली जानकारी के अनुसार जमीन को लेकर एक विवादित मामला कोर्ट में चल रहा है। लगता है उसी के लिए दबाव बनाने को लेकर यह हमला किया गया है। यश जावद में हीरो शोरूम पर कार्य करता है। यश के साथ मारपीट की घटना सुबह 10.30 बजे घटित हुई है।यश का कहना है कि भाषा शैली से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मुझ पर हमला करने वाले इंदौर की तरफ के लोग थे। पुलिस को चाहिए कि इस तरह आम आदमी पर हो रही मारपीट की घटनाओं को लेकर गंभीरता से आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करे।
