गरोठ। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीएन) सिंगोली के अधिकारियों ने यात्री प्रतीक्षालय गांव जोडमी के पास गरोठ-भानपुरा रोड पर एक व्यक्ति को रोककर उसके पास से 1.064 किलो मेथामफेटामाइन पाउडर जब्त किया। एक अन्य कार्रवाई में 200 ग्राम पाउडर जब्त किया। सीबीएन को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लखनऊ/दिल्ली से मेथामफेटामाइन पाउडर लाया है। इसे एमपी के पंजीकरण वाली बाइक से किसी अन्य तस्कर को देगा। गरोठ-भानपुरा रोड पर सीबीएन सिंगोली एवं नीमच के अधिकारियों की टीम ने निगरानी रखी।
संदिग्ध मार्ग पर व्यक्ति की पहचान होने के बाद अधिकारियों ने यात्री प्रतीक्षालय गांव जोदमी के पास गरोठ-भानपुरा रोड पर उसको रोका। व्यक्ति और उसकी बाइक की गहन तलाशी ली और 1.064 किलोग्राम वजन वाले मेथामफेटामाइन पाउडर के 3 पैकेट जब्त गए। आरोपी चायनीज चार पत्ती के पैकेट में पाउडर ले जा रहा था। कानूनी औपचारिकता के बाद अधिकारियों ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की। वहीं एक अन्य कार्रवाई में सीबीएन नीमच के अधिकारियों ने छोटी सादड़ी-प्रतापगढ़ रोड पर गांव गोमाना, तहसील-छोटी सादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ के पास एक व्यक्ति को रोका और 200 ग्राम मेथामफेटामाइन जब्त किया। मेथामफेटामाइन पाउडर एक सफेद, गंधहीन, कड़वा स्वाद वाला क्रिस्टलीय रूप में होता है जो पानी या शराब में आसानी से घुल जाता है। मेथामफेटामाइन को 20वीं सदी की शुरुआत में इसकी मूल दवा, एम्फ़ैटेमिन से विकसित किया था। इसका इस्तेमाल मूल रूप से सर्दी-खांसी की दवा और ब्रोन्कियल इनहेलर में किया जाता था।