खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के छैगांवमाखन क्षेत्र के गांव बडियाग्यासुर में दो साल के मासूम चिराग की बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। परिवार ने बारिश का पानी भरने के लिए आंगन में बाल्टी रखी थी। चिराग की दादी कपड़े धोने के बाद उन्हें सुखाने के लिए छत पर गई थी। जब वे लौटीं, तो चिराग को बाल्टी में औंधे मुंह पाया।
परिजन तुरंत बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दादा अनारसिंह ने बताया कि चिराग रोज की तरह आंगन में खेल रहा था और बारिश के पानी की बाल्टी में गिर गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, और मंगलवार सुबह मासूम का पोस्टमार्टम किया गया।
अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को पूरी उम्मीद थी कि चिराग ठीक हो जाएगा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालक की मां और दादी बदहवास हो गईं, जबकि पिता बेटे को कंधे पर लेकर घूमते रहे और उसकी पीठ थपथपाते रहे। चिराग का बड़ा भाई अब अपने छोटे भाई के बिना हमेशा के लिए अकेला रह गया।