मंदसौर। जिले के गरोठ-सगोरिया रोड पर मानपुरा नारिया के पास पवन चक्की से आज (बुधवार) अल सुबह केबल चोरी की नीयत से पहुंचे बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड की पत्थरों से कुचल कर हत्या कर दी। खास बात यह है कि बदमाशों को देख सिक्योरिटी गार्ड ने अपने फील्ड मैनेजर को इसकी सूचना दी। जब फील्ड ने मैनेजर पुलिस को कॉल किया तो उसे अपशब्द सुनने को मिले।
जानकारी के अनुसार, मानपुरा नारियां गांव के पास बने विंड मिल (पवन चक्की) पर सुबह 3 से 4 बजे एक पिकअप लेकर कुछ बदमाश चोरी की नीयत से पहुंचे। यहां पवन चक्की पर तैनात सुरक्षा कर्मी विशाल प्रजापति निवासी खजूरी रुण्ड़ा ने बदमाशों को देख लिया। उसने अपने फील्ड मैनेजर दीपक मालवीय को इसकी सूचना दी।
रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद एएसआई सस्पेंड
बदमाशों के आने की सूचना के बाद फील्ड मैनेजर ने गरोठ थाने में पदस्थ एएसआई गजेंद्र शर्मा को कॉल किया लेकिन रिस्पॉन्स मिलने की बजाय पुलिसकर्मी ने अपशब्द कहते हुए फोन काट दिया। फील्ड मैनेजर ने पुलिस कर्मी से कहा कि सर, इमरजेंसी है इसलिए मैंने आपको कॉल किया है, इसके बावजूद पुलिसकर्मी उसे गाली देता रहा। इसी दौरान चोरी करने आए बदमाशों ने सुरक्षाकर्मी विशाल प्रजापति पर हमला कर उसकी पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी।
फील्ड मैनेजर और पुलिसकर्मी के बातचीत की रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद एसपी अनुराग सुजानिया ने एएसपी गजेंद्र शर्मा को सस्पेंड कर दिया है। फिलहाल शव को पीएम के लिए अस्पताल ले जाया गया है और पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एएसपी हेमलता कुरील ने बताया कि मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं अपशब्द कहने वाले पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है।