नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां गाडरवारा तहसील के रमपुरा गांव में एक कच्चा मकान गिरने से एक मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि इस घटना में पांच लोग घायल हो गए है। जिन्हें इलाज के लिएअस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी का गाडरवारा शासकीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार की देर रात हुआ है। बताया जा रहा की लगातार हो रही तेज बारिश के चलते कच्चा मकान ढह गया। जिसमें पवन नामदेव के एक ही परिवार के 7 लोग दब गए। जिसमें दो की मौत हो गई है। मरने वालों में एक तीन साल की मासूम बच्ची और 18 वर्ष का युवक शामिल है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही गाडरवारा एसडीएम, एसडीओपी और पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया है। वहीं डॉक्टर राकेश बोहरे ने बताया कि पांच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमे दो महिलाएं, एक पुरुष और उनके तीन बच्चे शामिल है। फिलहाल सभी का इलाज जारी है।