नीमच। जिले की रामपुरा तहसील अंर्तगत आने वाले गांधी सागर जलाशय के बैकवॉटर एरिया के समीप स्थित गांव सोनड़ी के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित होकर रामपुरा तहसील कार्यालय पर पहुंचे। जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए तहसीलदार मुकेश निगम को एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने अपने खेत पर जाने का रास्ता खुलवाने की मांग की है। दरअसल गांव के एक व्यक्ति द्वारा उक्त रास्ते को बंद कर दिया गया है। जिससे ग्रामीणों को अपने खेतों पर जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेत पर जाने का यह रास्ता बरसो पुराना है। जिसका वे और उनके पूर्वज भी उपयोग करते रहे हैं। इस रास्ते से सभी तरह के वाहन और लोगों का आना-जाना होता है। बावजूद इसके गांव के उक्त व्यक्ति द्वारा इसे बंद कर दिया गया है। आरोप है कि विपक्षी द्वारा उक्त रास्ते पर कांटों की बागड़ लगा दी गई है। इससे ग्रामीण अपने खेतों पर जाकर फसलों की देखभाल नहीं कर पा रहे हैं। जिससे उनकी फसलों को काफी नुकसान हो रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि विपक्षियों को कई बार उनके द्वारा समझाया गया। बावजूद इसके वे समझने को तैयार नहीं है। और तो और विपक्षियों द्वारा उन्हें झूठा केस में फसाने आत्महत्या कर लेने की धमकी दी जा रही है। विपक्षियों द्वारा उनके साथ गाली-गलौज और झगड़ा भी किया जाता है। ग्रामीणों की मांग है कि उक्त विपक्षियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। और उनके द्वारा बन्द किए गए रास्ते को पुनः खोला जाए।