नीमच। जिला मुख्यालय से करीब 27 किलोमीटर की दूरी पर मल्हारगढ़ तहसील के गांव पामाखेड़ा में एक 14 वर्षीय किशोर की गर्दन पर बीती रात सांप ने काट खाया। जिसकी नीमच के जिला अस्पताल में सुबह इलाज के दौरान दुखद मौत हो गई।
परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के अनुसार खुमान सिंह पिता घनश्याम बावरी उम्र 14 वर्ष गांव पामाखेड़ा में रात्रि पहर में अपने घर पर सो रहा था। तभी उसकी गर्दन पर सांप ने काट खाया। जिसे अलसुबह सवा चार बजे जिला चिकित्सालय लाया गया और इलाज के दौरान पौने सात बजे खुमान सिंह की मौत हो गई। कैंट पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। बताया जा रहा है कि सांप ने घर में खुमान सिंह के पिता पर भी हमला किया था। खुमान सिंह के शव को पोस्ट मार्टम के पश्चात परिजनों को सौंप दिया गया है।