नीमच। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट में संस्कृत सप्ताह के समापन अवसर पर एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में डॉक्टर सुरेंद्र शक्तावत ने संस्कृत भाषा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। संस्कृत भाषा को लेकर डॉक्टर शक्तावत द्वारा उपस्थित जनों को अहम जानकारियां दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत संस्कृत भाषा में सरस्वती वंदना के साथ हुई। संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में शासकीय बालक क्रमांक 2 में एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रदर्शित वस्तुओं के नाम संस्कृत में लिखे गए। प्रदर्शनी के प्रति छात्रों और शिक्षकों में विशेष उत्साह देखा गया।
प्रदर्शनी का अवलोकन जिला शिक्षा अधिकारी सीके शर्मा ने भी किया। संस्कृत सप्ताह पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डाइट के प्राचार्य चंद्र प्रकाश शर्मा ने की। आज के समापन कार्यक्रम में पुष्पांजलि तिवारी, दिग्विजय पालीवाल, इंदिरा लुहार, समस्त स्टाफ और प्रथम तथा द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षु मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दिग्विजय पालीवाल ने किया और आभार पुष्पांजलि तिवारी ने व्यक्त किया।