नीमच। कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले हाईवे बाइपास स्थित भरभड़िया चौराहे पर गुरुवार रात को भयानक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार में सवार 9 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। इस दौरान कार में आग भी लग गई थी। हालांकि उससे पहले ही सभी लोग बाहर आ चुके थे। आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड भी तुरंत मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पाया जा सका।

सभी घायल नागदा तहसील के निवासी-
कार सवार सभी लोग बंजारा समाज के नागदा तहसील अंतर्गत गांव बोरखेड़ा के रहने वाले है। जो रामदेवरा दर्शन कर वापस अपने लौट रहे थे। तभी कार को पीछे से सब्जी से भरी पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। एक्सीडेंट की जानकारी मिलते ही जिला चिकित्सालय में एसडीएम ममता खेड़े, तहसीलदार संजय मालवीय, सीएसपी अभिषेक रंजन आदि पहुंचे।
ये हुए घायल
चन्नता बाई (47), दिनेश बंजारा (35), जानीबाई बंजारा (27) वर्ष, नरेंद्र बंजारा (7), अंकित बंजारा (12), जितेंद्र बंजारा (33), राधाबाई बंजारा (32) वर्ष, मिश्रा बाई (32), मिथुन बंजारा (27)।
