नीमच। शहर के एक निजी विद्यालय से छात्रों को टीसी ना दिए जाने का विवाद कैंट थाने तक पहुंच गया। दरअसल पवन पाटीदार, विशाल पाटीदार और शिवम बैरागी इन तीनों विद्यार्थियों ने नीमच की स्कीम नंबर 36 स्थित इंटरनेशनल साईं शंकर पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 तक पढ़ाई की है। इन छात्रों द्वारा कक्षा 10 की पढ़ाई किसी दूसरे विद्यालय में की जा रही है।
गांव दारू में रहने वाले छात्र के पालक महेश पाटीदार ने बताया कि बच्चों को कक्षा 9 के बाद टीसी देने से विद्यालय द्वारा मना किया जा रहा है। उनका कहना है कि कक्षा 10 में यहां पर अध्ययन करवाओ। टीसी ना मिलने पर हम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का सहयोग लेकर विद्यालय पहुंचे तो स्कूल प्रबंधन ने हम पर झूठा आरोप लगा दिया और कह रहे है कि आप गुंडे लेकर आ गए। दोनों पक्ष कैंट थाना पहुंचे। यहां पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और स्कूल प्रबंधन टीसी देने को राजी हो गया। दरअसल लोगों की आम शिकायत है कि निजी स्कूलों से टीसी प्राप्त करने में कई बार दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।