मंदसौर। भोपाल में एक फैक्ट्री में पकड़ी गई 1814 करोड़ की ड्रग्स मामले में आरोपी प्रेमसुख पाटीदार ने थाने पहुंचकर खुद को गोली मार ली। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना मंदसौर के अफजलपुर थाने की है। आरोपी प्रेमसुख पाटीदार शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे अवैध पिस्टल लेकर थाने पहुंचा। यहां उसने थाना परिसर में ही पुलिस के सामने खुद के पैर में गोली मार ली। पुलिस ने उसे घायल हालत में मौके पर ही हिरासत में ले लिया। फिर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल आरोपी का इलाज किया जा रहा है। उसके कब्जे से अवैध पिस्टल भी बरामद की गई है।
आरोपी हरीश आंजना ने लिया था प्रेम सुख का नाम
बता दें कि भोपाल में ड्रग्स फैक्ट्री मामले में पुलिस पहले ही मंदसौर के माल्या खेरखेड़ा निवासी हरीश आंजना को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी हरीश आंजना ने बताया था कि उसने हथुनिया निवासी प्रेमसुख पाटीदार से भी एमडी ड्रग की खरीदी फरोख्त की थी। इसके बाद से ही पुलिस प्रेमसुख पाटीदार की तलाश कर रही थी। इसके लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग जगह छापामारी कर रही थी।
मंदसौर एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि पुलिस ने प्रेमसुख पाटीदार नाम के आरोपी को पकड़ा है। वह एनसीबी और अन्य एजेंसियों के केस में वांछित था। मंदसौर पुलिस इसकी तलाश कर रही थी।