नीमच। शहर के बघाना थाना क्षेत्र में 2 युवकों ने गवाही देने वाले युवक के साथ मारपीट की। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। जानकारी के अनुसार बघाना निवासी 24 वर्षीय लखन सिंह ने थाने पर शिकायत दर्ज करवाई कि वह कृषि मंडी में हम्माली करता है। बीती रात 10 बजे जब वह स्टेशन रोड पर खड़ा था तभी वहां विकास अहीर व सचिन धानका आए।
गालियां देते हुए बोले कि तूं लोगों के फटे में टांग अड़ाता है। हमारे खिलाफ गवाही देता है। यह कहते हुए गालियां देते रहे। उन्हें गाली देने से मना किया तो उन्होंने लखनसिंह के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। युवक को पकड़कर जमीन पर पटक दिया और रगड़ दिया। इससे फरियादी के कंधे व घुटने में चोट आई। मारपीट होती देख पास खड़ा आकाश लोधा आया और बीच-बचाव कर छुड़ाया। दोनों जाते-जाते बोले कि आज तो बच गया। अगली बार किसी के खिलाफ गवाही दी तो जान से मार देंगे। पुलिस ने लखन की शिकायत पर आरोपी विकास व सचिन के खिलाफ मारपीट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।