कुकड़ेश्वर। पुलिस अधीक्षक अंकित जयसवाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी मनासा विमलेश उइके के मार्गदर्शन में, कुकड़ेश्वर पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम दांगी ने किया।
ग्राम तलाउ स्थित शमशान के पास सरकारी नाले में दबिश के दौरान पुलिस टीम ने 1500 लीटर अवैध कच्ची शराब बनाने का लहान बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 34(1)(एफ) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
घटना का विवरण-
15 नवंबर 2024 को कुकड़ेश्वर पुलिस टीम ने नशा मुक्ति अभियान के तहत ग्राम तलाउ में दबिश दी। इस दबिश में शमशान के पास सरकारी नाले में छिपाकर रखे गए अवैध शराब बनाने का 1500 लीटर लहान बरामद किया गया। पुलिस ने स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनजर लहान को तत्काल नष्ट किया। इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की गई।
सराहनीय कार्य-
थाना प्रभारी राधेश्याम दांगी और पुलिस परिवार टीम कुकड़ेश्वर का इस प्रभावी कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस की इस तत्परता से नशा मुक्ति अभियान को नई दिशा मिली है और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के प्रयासों को मजबूती मिली है।