पिपलिया मंडी। ग्राम पिपलिया पंथ निवासी एक व्यक्ति से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। उक्त व्यक्ति ने थाने में आवेदन देकर ठगी करने वालों के विरूद्ध शिकायत दर्ज कराई है।
आवेदक प्राथी लालचन्द्र उर्फ लाला पिता मूलचंद्र गुर्जर उम्र 42 साल निवासी पिपलिया पंथ ने आवेदन के माध्यम से बताया कि वह बस संचालक है। उसकी बस मंदसौर से पिपलिया मंडी के बीच संचालित होती है। दिनांक 14 नवंबर को उसके फोन पर मोबाइल नंबर 7384352071 से कॉल आया। सामने से किसी अंजान व्यक्ति ने खुद का आर्मी का ऑफिसर बताते हुए मंदसौर से फोर्स को रीवा छोड़ने की बात कही और पैमेंट ऑनलाइन ट्रांसफर करने का भरोसा दिया। इस पर मैंने 15 नवंबर को बताए गए स्थान एमआईटी चौराहा मंदसौर पर बस क्रं. एमपी 43 पी 0519 खड़ी कर दी। लेकिन करीब 1 से 2 घंटे का समय बीतने के बाद भी कोई वहां नहीं आया। इस पर मैंने पुनः उक्त नंबर पर संपर्क किया तो संबंधित व्यक्ति ने मुझे कहा कि आप हमारे बड़े साहब से बात करो, इस पर मैंने उनसे बात की तो उन्होंने कहा कि बस के किराये के लिए मैं क्यूआर कोड भेज रहा हूं। आप इसको स्कैन कर पैमेंट प्राप्त कर सकते हैं। मैंने जैसे ही क्यूआर कोड स्कैन किया तो मेरे खाते से करीब 30 हजार रूपये की राशि कट गई। इसके बाद जब मैंने संबंधित मोबाइल नंबर पर फोन किया तो नंबर बंद मिला। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला जांच में लिया है।
