नीमच। पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की शिकायतें आम है। ऐसा ही एक मामला आज नीमच हाइवे पर जेतपुरा के यहां रावतखेड़ा फंटा स्थित सुनील कुमार एंड कंपनी के पेट्रोल पंप का आया है। यहां पेट्रोल भराते समय मीटर तो चालू हो गया, लेकिन नोज़ल में पेट्रोल नहीं आया।

इस मामले में जानकारी देते हुए पीड़ित युवराज सिंह ने बताया कि आज सुबह जब मैं एचपी पेट्रोल पंप सुनील कुमार एंड कंपनी पर मोटरसाइकिल में रुपए 500 का पेट्रोल भराने पहुंचा तो मीटर चालू हो गया, लेकिन नोज़ल में पेट्रोल आया ही नहीं। मीटर 5 रूपए 38 पैसे की रीडिंग बता रहा था। लेकिन पेट्रोल नहीं आया। युवराज ने कहा कि यह मामला कर्मचारियों की कारस्तानी का है या पेट्रोल पंप मालिक का यह जांच का विषय है। मेरे कहने के बाद उल्टा मुझे वहां मौजूद स्टाफ धमकी देने लगा। मैं 2011 से इसी पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरा रहा हूं।

युवराज ने बताया कि जब मैं वहां मौजूद मैनेजर से शिकायत की तो वह कहने लगा कि 5 रूपए की जगह 10 रूपए कम दे देना। मामले की शिकायत नीमच सिटी पुलिस थाने और नापतोल अधिकारी को की गई है। पुलिस और नापतोल अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवराज द्वारा एफआईआर के लिए मांग करते हुए आवेदन दिया गया है। उच्च अधिकारियों से भी इस बारे में शिकायत करने की बात कही गई है। इस पूरी घटना का वीडियो भी युवराज द्वारा बनाया गया है।
