मंदसौर। पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त जयदीप प्रसाद के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश और आवेदक की शिकायत के बाद उज्जैन लोकायुक्त इकाई ने आज जिले के भानपुरा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। लोकायुक्त ने आवेदक पप्पू सिंह सौंधिया पिता मानसिंह सौंधिया निवासी ग्राम मानपुरा तहसील भानपुरा की शिकायत पर आरोपी कार्यवाहक प्रधान आरक्षक मुकेश चौहान थाना भानपुरा जिला मन्दसौर को रिश्वत की राशि 15 हजार रूपये के साथ रंगेहाथों पकड़ा है।

आवेदक के अनुसार उसके भाई ईश्वर सिंह, अन्य व्यक्ति तूफान सिंह और बंशीलाल के विरुद्ध थाना भानपुरा में एफआईआर पंजीबद्ध हुई थी। उसमें जमानत देने की लिखा पढ़ी के 15000/-रूपये रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत का सत्यापन प्रभारी एसपी राजेश पाठक द्वारा डीएसपी सुनील तालान से कराया तो शिकायत सही पाई गई। इस पर से आज दिनांक 16/12/24 को ट्रैप दल का गठन किया गया। भानपुरा थाने के परिसर में जैसे ही कार्यवाहक प्रधान आरक्षक ने रिश्वत की राशि आवेदक से प्राप्त की। थाने के आसपास तैनात ट्रैप दल ने उसको रंगे हाथ पकड़ लिया। थाना परिसर में कार्यवाही अभी जारी है। ट्रेप दल सदस्यों में डीएसपी सुनील तालान, प्रधान आरक्षक हितेश लालावत, आरक्षक इसरार, उमेश जाटव, श्याम शर्मा।