नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मनासा-मंदसौर मार्ग पर बुधवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक नानूराम पिता पृथ्वीराज पूर्बिया निवासी पूर्बिया मोहल्ला मनासा का रहने वाला था।

बताया जा रहा है कि नानूराम राठोर बस पर कंडक्टर का काम करता था। बुधवार रात को वह बरडिया गांव के समीप मनासा-मंदसौर मार्ग पर मौजूद था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार वहां से गुजरी जिसने नानूराम को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान नानूराम कार में फंस गया। जिसे कार सवार करीब आधा किलोमीटर से अधिक दूरी तक घसीट कर ले गए। जब कार सवारों को किसी के गाड़ी में फंसे होने का एहसास हुआ तो वे मौके पर कार छोड़कर फरार हो गए। वहीं सूचना पर डायल 100 की गाड़ी मौके पर पहुंची।

घायल नानूराम को मनासा के शासकीय अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आज गुरुवार सुबह मनासा के शासकीय चिकित्सालय में मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपूर्दकर किया गया है। मामले में थाना प्रभारी शिवकुमार यादव ने बताया कि मनासा और बरडिया गांव के बीच नानूराम नामक व्यक्ति को कार ने टक्कर मारी है, जिसमें उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।